मंत्री पार्थ चटर्जी का हमला, कहा- बंगाल में 'ममता कार्ड' मायने रखता है, मोदी का 'राम कार्ड' नहीं
कोलकाता
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव (West Bengal Election 2021) से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के महासचिव पार्थ चटर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। पार्थ चटर्जी ने रविवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में 'जनता कार्ड' और 'ममता कार्ड' मायने रखता है। यहां 'राम कार्ड' के मायने नहीं हैं, जिसके बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बात की थी। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के मंत्रिमंडल में सीनियर मंत्री पार्थ चटर्जी ने दावा किया कि बीजेपी नेता टीएमसी सरकार की ओर से उठाए गए कल्याणकारी कदमों के सामने जमीन को खो रहे हैं और अब वे बयानबाजी में जुट गए हैं, जिनका चुनाव पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
बंगाल में मायने रखता है विकास का 'जनता कार्ड'
पार्थ चटर्जी ने रविवार को कोलकाता में टीएमसी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रधानमंत्री ने 'राम कार्ड' की बात की, लेकिन पश्चिम बंगाल में विकास का 'जनता कार्ड' और 'ममता कार्ड' मायने रखता है। दरअसल पीएम मोदी ने एक सप्ताह पहले बंगाल के हल्दिया में जनसभा को संबोधित किया था।
पीएम मोदी ने कही थी ये बात
हल्दिया की जनसभा में पीएम मोदी ने कहा था कि टीएमसी सरकार ने बीते दस साल में कई गलत काम किए और अप्रैल मई में होने वाले विधानसभा चुनाव में उसे 'राम कार्ड' दिखाने का समय आ गया है।
अप्रैल-मई में बंगाल में होने हैं चुनाव
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय राज्य विधानसभा के चुनाव अप्रैल-मई में होने वाले हैं। इससे पहले तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी में वार-पलटवार का सिलसिला तेजी से चल रहा है।

पाठको की राय